May 3, 2026

शिक्षा विभाग में अनुरोध के आधार पर होंगे स्थानांतरणः डाॅ. धन सिंह रावत

प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा विभाग में पात्र शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इस संबंध में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों को सभी जनपदों से निर्धारित समय में प्रस्ताव मंगाने के निर्देश दिए हैं।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य की जाएगी। यदि कोई शिक्षक अवकाश पर जाता है तो नजदीकी स्कूल से दूसरे शिक्षक की तैनाती की जाएगी। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।

इसके साथ ही स्कूलों के आसपास 150 मीटर के दायरे में शराब, पान, बीड़ी-सिगरेट और तंबाकू की दुकानों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलों से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है ताकि सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मंत्री ने बिना अनुमति अनुपस्थित रहने, बायोमैट्रिक उपस्थिति न लगाने, नशे में पाए जाने या छात्राओं से दुर्व्यवहार करने वाले शिक्षकों पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

बैठक में विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं—बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर और खेल सामग्री—की उपलब्धता की रिपोर्ट भी जल्द भेजने को कहा गया। साथ ही निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि और जबरन किताबें थोपने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा प्राथमिक शिक्षा में पात्र शिक्षकों को पदोन्नति देने और बोर्ड परीक्षाओं के कमजोर परिणाम वाले जिलों को सुधार के लिए विशेष ध्यान देने को कहा गया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.