Recent Posts

August 16, 2026

‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर यूकेडी के सवाल, कांग्रेस की मंशा पर उठाए प्रश्न

UKD

उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस जहां पेपर लीक मामलों को लेकर युवाओं के भविष्य की लड़ाई को जनआंदोलन बनाने की बात कर रही है, वहीं यूकेडी ने इस अभियान की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस ने पेपर लीक मामलों को लेकर राज्यव्यापी अभियान चलाने के लिए 50 सदस्यीय एक्शन टीम का गठन किया है। अभियान की शुरुआत सोमवार को कांग्रेस भवन में टीम के सदस्यों को प्रशिक्षण देकर की गई। कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और पेपर लीक प्रकरणों को लेकर सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा।

इधर, यूकेडी के केंद्रीय कार्यालय प्रभारी देवचंद उत्तराखण्डी ने कांग्रेस के अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह कांग्रेस को इस बात के लिए शुभकामनाएं देते हैं कि उसने युवाओं के भविष्य के मुद्दे को उठाया है, लेकिन कांग्रेस को पहले यह भी बताना चाहिए कि दिल्ली में बैठे उसके सांसदों और विधायकों ने अब तक इस विषय पर क्या कार्रवाई की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि उत्तराखंड में राजनीतिक हलचल बढ़ाने के लिए इस तरह के मुद्दों को उछाला जा रहा है। देवचंद उत्तराखण्डी ने कहा कि यह अभियान कितना सफल होगा, इसका आकलन आने वाले समय में होगा और यह काफी हद तक कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों पर निर्भर करेगा।

राज्य में पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का मुद्दा लगातार राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है। कांग्रेस इसे जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी कर रही है, जबकि यूकेडी ने अभियान की गंभीरता और उद्देश्य पर सवाल उठाए हैं।

देवचंद उत्तराखण्डी, केंद्रीय कार्यलय प्रभारी यूकेडी

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.