Recent Posts

August 16, 2026

उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, किसानों से करेंगे सीधा संवाद

Shivraj Singh Chouhan

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 26 जून को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा कृषि, किसानों के हित और ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे, वहीं किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी जानेंगे।

अपने दौरे की शुरुआत केंद्रीय मंत्री गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित पूर्व विद्यार्थियों के सम्मेलन में सहभागिता के साथ करेंगे। इसके बाद वे रुद्रपुर में “खेत बचाओ अभियान” के तहत किसानों के बीच पहुंचेंगे और खेतों का भ्रमण कर फसलों का जायजा लेंगे। इस दौरान किसानों के साथ कृषि संबंधी विषयों पर प्रत्यक्ष चर्चा भी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहेंगे।

दौरे के दौरान पंतनगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आयोजित बैठक में राज्य में कृषि के समग्र विकास, किसान कल्याण, ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ यह भी आकलन किया जाएगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों तक कितनी प्रभावशीलता से पहुंच रहा है तथा किन क्षेत्रों में और तेजी लाने की आवश्यकता है।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा राज्य में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.