April 18, 2026

रुद्रपुर में बिरयानी ऑर्डर पर बवाल, दुकानदार हिरासत में

उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक मामूली दिखने वाला ऑनलाइन फूड ऑर्डर उस वक्त विवाद का कारण बन गया, जब एक बिरयानी ऑर्डर को लेकर शहर के त्रिशूल चौक क्षेत्र में जमकर हंगामा खड़ा हो गया। मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, एक युवक द्वारा ज़ोमैटो एप के माध्यम से “सौरभ” नाम से चिकन बिरयानी का ऑर्डर किया गया था। ऑर्डर प्लेस करने के बाद युवक को इस बात पर शक हुआ कि त्रिशूल चौक क्षेत्र में इस नाम से कोई भी हिंदू संचालित दुकान मौजूद नहीं है। इसी संदेह के आधार पर युवक ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद कुछ युवा त्रिशूल चौक पर एकत्र हो गए और ज़ोमैटो राइडर का इंतजार करने लगे। जैसे ही डिलीवरी बॉय बिरयानी लेने के लिए “इंडियन रेस्टोरेंट” नाम की दुकान पर पहुंचा, जो कि राशिद नाम के व्यक्ति द्वारा संचालित बताई जा रही है, तभी मौके पर मौजूद युवाओं ने उसे घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया।

युवाओं का आरोप था कि दुकानदार राशिद द्वारा ज़ोमैटो पर “सौरभ” नाम से रजिस्ट्रेशन कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उनका कहना था कि इससे हिंदू समाज के लोग भ्रमित हो रहे हैं और उन्हें बिना जानकारी के झटका मांस की जगह हलाल चिकन परोसा जा रहा है, जो उनकी धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ है।

देखते ही देखते मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और हंगामा बढ़ने लगा। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद शिकायतकर्ता रवि चंद्रा की तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, रुद्रपुर कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील कर रहा है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.