June 30, 2026

फूलों की घाटी: खूबसूरत वादियों के बीच खिले हैं कई जहरीले फूल, बिना जानकारी छूने से बचें

फूलों की घाटी में कई विषैले फूल भी खिले हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं

एस बी टी न्यूज उत्तराखंड

उत्तराखंड विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी के दीदार को जा रहे हैं तो सावधान रहें। घाटी में कई विषैले फूल भी खिले हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं। वन विभाग ने भी पर्यटकों को बिना जानकारी किसी भी फूल या वनस्पति से छेड़छाड़ न करने की सलाह दी है।

फूलों की घाटी ग्रीष्मकाल में छह माह तक पर्यटकों के लिए खोली जाती है। घाटी में 350 से अधिक प्रजातियों के फूल खिलते हैं। घाटी के दीदार के लिए अगस्त और सितंबर माह सबसे उपयुक्त माना जाता है। इस दौरान घाटी में सबसे ज्यादा फूल खिले रहते हैं।

मौजूदा समय में 200 से अधिक प्रजातियों के फूल घाटी में खिले हुए हैं। वन विभाग ने घाटी में एकोनिटम बालफोरी और सेनेसियो ग्रैसिलिफ्लोरस नाम के फूल चिह्नित किए हैं, जो काफी जहरीले होते हैं। सेनेसियो एक दुर्लभ प्रजाति का फूल भी है, जो लंबे समय बाद घाटी में खिला है। किसी ने यदि यह फूल तोड़ लिया या इसको मुंह में रख लिया तो यह जानलेवा हो सकता है।

घाटी में खिले दुर्लभ प्रजाति के फूल

फूलों की घाटी में कई दुर्लभ प्रजाति के फूल खिले हुए हैं। इनमें सबसे मनमोहक फूल मोरिना लोंगिफोलिया है। यह दूर-दूर तक अपनी महक छोड़ता है। इसके अलावा घाटी में विलुप्तप्राय श्रेणी में रखे गए कोरीडालिस कॉर्नुटा फूल भी खिला हुआ है। इसके अलावा घाटी में विभिन्न प्रजातियों के फूल खिले हुए हैं।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.