देहरादून में आज से उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आगाज, क्रिकेट के साथ दिखेगा पहाड़ की संस्कृति का रंग
देहरादून। उत्तराखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन खास है। प्रदेश की प्रतिष्ठित उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के तीसरे संस्करण का सोमवार, 21 सितंबर से देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भव्य आगाज होगा। प्रतियोगिता एक अक्टूबर तक चलेगी।
इस बार लीग में पुरुष और महिला वर्ग की कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं। महिला वर्ग में पिथौरागढ़ हरिकेन्स, देहरादून वॉरियर्स, बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस मैदान में उतरेंगी। महिला प्रतियोगिता की शुरुआत आज दो मुकाबलों से होगी। पहला मैच सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला दोपहर 3 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस के बीच खेला जाएगा।
महिला क्रिकेट से होगी शुरुआत
UPL 2026 में महिला क्रिकेट को भी प्रमुख मंच दिया गया है। महिला प्रतियोगिता का फाइनल 24 सितंबर को खेला जाएगा। महिला टीमों में युवा और उभरती प्रतिभाओं के साथ अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिससे उत्तराखंड की महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
22 सितंबर से पुरुषों का मुकाबला
पुरुष वर्ग की शुरुआत 22 सितंबर को होगी। उद्घाटन मुकाबले में हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पुरुष वर्ग में सात टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
पुरुष वर्ग की टीमों में पिथौरागढ़ हरिकेन्स, यूएसएन इंडियंस, नैनीताल टाइगर्स, ऋषिकेश रिवर किंग्स, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटंस और देहरादून वॉरियर्स शामिल हैं।
वाणी कपूर होंगी उद्घाटन समारोह का आकर्षण
UPL के उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य आकर्षण होंगी। इसके साथ ही उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की लोक संस्कृति एवं संगीत की झलक प्रस्तुत करेंगे।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
UPL का उद्देश्य उत्तराखंड के क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी टी20 क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराना और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। आयोजकों के अनुसार लीग में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ अंडर-23, अंडर-19 और अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
UPL 2026 का पुरुष फाइनल 1 अक्टूबर को खेला जाएगा, जबकि महिला वर्ग का फाइनल 24 सितंबर को होगा। सभी मुकाबले देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
स्पॉट विटनेस टाइम्स | देहरादून
