June 8, 2026

उत्तराखंड में आज से शुरू होगा मतदाता गणना फार्म वितरण अभियान

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेशभर में मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सहयोग करने की अपील की है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाया जाएगा। 8 जून से 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म एकत्र करेंगे और उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे।

उन्होंने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए मतदाता वोटर्स सर्विस पोर्टल पर जाकर या ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।

निर्वाचन विभाग के अनुसार यदि किसी मतदाता के घर पर पहली बार बीएलओ नहीं मिल पाता है तो वह तीन बार तक घर पर जाएगा। साथ ही घर पर स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तिथि और अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराएगा, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फार्म भर सकें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो तैयार रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले घर-घर अभियान के दौरान गणना फार्म के साथ किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता स्वयं भी ECI-Net ऐप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और उसे ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नए पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकते हैं, जिन पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत विचार किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.