June 23, 2026

मई में मौसम रहा मेहरबान, 75 प्रतिशत अधिक बार‍िश

मई को झुलसाने वाली गर्मी का महीना माना जाता है, लेकिन इस बार सूरज के तेवर में थोड़ी नरमी दिखी है। हालांकि, तीसरे सप्ताह पारे का ग्राफ बढ़ना प्रारंभ हो गया था, लेक‍िन मौसम के बदले मिजाज से गिरावट दर्ज की गई। माह के आगमन और विदाई की बेला पर मेघों का मेहरबान होना काफी सुकून देने वाला रहा। पहाड़ से लेकर मैदान तक हुई अच्छी बारिश देखने को मिली। वहीं, प्रदेश में सामान्य से 75 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर दर्ज आंकड़ों से इसकी पुष्टि हुई है। रिकार्ड के अनुसार प्रदेश में 27 मई तक 55.7 मिलीमीटर सामान्य वर्षा मानी जाती है। इस बार माह की शुरुआत, मध्य और अंत दिनों में मेघ बरसे तो 97.4 एमएम बारिश रिकार्ड हुई। इसमें सबसे ज्यादा बारिश गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग जिले में देखने को मिली। यहां 190.4 एमएम वर्षा दर्ज की गई है। जबकि, कुमाऊं में 149.6 एमएम बारिश के साथ बागेश्वर जिला प्रदेश में दूसरे और मंडल पहले स्थान पर रहा है। दोनों जिलों में शत प्रतिशत से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।

ऊधमसिंह नगर जिले में सबसे कम 32.2 एमएम वर्ष हुई है। इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने दो जून तक वर्षा का क्रम बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि प्रदेश में 10 जून से प्री-मानसून और 15 से 18 जून के मानसून की दस्तक हो सकती है। साथ ही इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह के समय हल्की धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। हल्द्वानी में तेज हवाएं चलने के साथ ही बादलों का प्रभाव रहा। जबकि, काठगोदाम क्षेत्र में 10 से 15 मिनट जमकर बारिश हुई। ऐसे में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 23.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.