मेहर और दहेज विवाद में टूटी शादी, दुल्हन के पिता की मौत से मचा हड़कंप
ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बरेली के बड़ा फरीदपुर से खटीमा के इस्लामनगर वार्ड नंबर-7 निवासी सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात एक मैरिज हॉल में पहुंची थी। बारात के स्वागत तक सभी कार्यक्रम सामान्य रूप से चल रहे थे, लेकिन निकाह की प्रक्रिया के दौरान मेहर की राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से लड़के पक्ष की ओर से लगातार अतिरिक्त मांगें की जा रही थीं। पहले स्कूटी, फिर अपाचे मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद की मांग रखी गई। वहीं निकाह के समय मेहर की रकम को लेकर भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लड़की पक्ष जहां पांच लाख रुपये मेहर तय करने की बात कर रहा था, वहीं लड़का पक्ष 21 हजार रुपये पर अड़ा रहा।
काफी देर तक चली बातचीत और विवाद के बीच दुल्हन के पिता सादिक ठेकेदार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया था।
पिता की मौत की सूचना मिलते ही लड़की पक्ष और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, बहनोई अता हुसैन समेत कई बारातियों को मैरिज हॉल में रोक लिया। इस दौरान मारपीट की घटना भी सामने आई। स्थिति बिगड़ती देख कुछ बारातियों ने जान बचाने के लिए पास के मकान की छत से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिससे कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
दूल्हा आरिफ
नदीम लड़की के परिजन
विजेंद्र शाह इंस्पेक्टर खटीमा
