August 19, 2026

किडनी बीमारी से परेशान युवक ने गंगनहर में लगाई छलांग, सर्च अभियान जारी

रुड़की के पिरान कलियर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गंभीर बीमारी से परेशान एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कासगंज अलीगढ़ निवासी 32 वर्षीय हेम सिंह पिछले काफी समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था।

बताया गया कि वह अपने भाई ओम शंकर के साथ बाइक से इलाज कराने ऋषिकेश एम्स जा रहा था। इसी दौरान मेहवड़-कलियर के बीच निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचने पर हेम सिंह ने टॉयलेट जाने की बात कहकर बाइक रुकवाई। लेकिन कुछ ही पलों बाद उसने अचानक गंगनहर में छलांग लगा दी।भाई ओम शंकर ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगनहर के तेज बहाव में युवक देखते ही देखते डूबकर लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जल पुलिस व गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गंगनहर में डूबकर लापता हुए युवक की तलाश लगातार जारी है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.