July 17, 2026

उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी।

देहरादून 05 जुलाई 2022,

दिल्ली: केन्द्रीय निर्वाचन आयोग ने भारत के उपराष्ट्रपति के पद हेतु चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दी है। इस चुनाव के निर्वाचन अधिकारी,उत्पल कुमार सिंह, ने यह अधिसूचना जारी की है।

नामांकन पत्र उम्मीदवार या उसके किसी प्रस्तावक या अनुमोदक द्वारा अधोहस्ताक्षरी को संसद भवन, नई दिल्ली में या अपरिहार्य कारणों से उसके अनुपस्थित रहने की स्थिति में, सहायक निर्वाचन अधिकारियों पी.सी. त्रिपाठी, संयुक्त सचिव, लोकसभा सचिवालय या राजू श्रीवास्तव, निदेशक, लोकसभा सचिवालय को उक्त कार्यालय में 19 जुलाई, 2022 तक किसी भी दिन (सार्वजनिक अवकाश के अलावा) पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे के बीच दिया जा सकता है। नामांकन पत्र के प्रपत्र उपरोक्त कार्यालय से उपरोक्त समय में प्राप्त किए जा सकते हैं।

प्रत्येक नामांकन पत्र के साथ उस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची, जिसमें उम्मीदवार एक मतदाता के रूप में पंजीकृत है, में उम्मीदवार से संबंधित प्रविष्टि की अभिप्रमाणित प्रति संलग्न करना होगा।

प्रत्येक उम्मीदवार पन्द्रह हजार रुपये की राशि जमा करेगा या जमा करवाएगा। यह राशि नामांकन पत्र प्रस्तुत करते समय निर्वाचन अधिकारी के पास नकद में जमा की जा सकती है या नामांकन पत्र प्रस्तुत करने से पहले भारतीय रिजर्व बैंक या सरकारी खजाने में जमा की जा सकती है और बाद वाली स्थिति में नामांकन पत्र के साथ इस आशय की एक रसीद संलग्न करना आवश्यक होगा जो यह दर्शाती हो कि उक्त राशि जमा की जा चुकी है।

सभी नामांकन पत्रों की जांच कक्ष संख्या 62, प्रथम तल, संसद भवन, नई दिल्ली में बुधवार, 20 जुलाई, 2022 को पूर्वाह्न 11 बजे की जाएगी।

उम्मीदवारी वापस लेने की सूचना उम्मीदवार, या उसके किसी प्रस्तावक या अनुमोदक, जोकि इस संबंध में उम्मीदवार द्वारा लिखित रूप में अधिकृत किया गया हो, 22 जुलाई, 2022 को दोपहर तीन बजे से पहले दी जा सकती है;

चुनाव आवश्यक होने की स्थिति में, मतदान शनिवार, 6 अगस्त, 2022 को सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे के बीच नियमानुसार निर्धारित मतदान स्थल पर कराया जाएगा।

 

 

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.