June 30, 2026

मोदी सरकार ने भारत के दो हिस्से कर दिए हैं। जिसमें एक अमीरों का और दूसरा गरीब, किसान और मजूदरों का भारत है:राहुल गांधी।

देहरादून 05 फरवरी 2022,

उत्तराखंड: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नई मंडी समिति परिसर किच्छा ऊधमसिंह नगर में आयोजित उत्तराखंडी स्वाभिमान किसान संवाद में तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों द्वारा किए गए आन्दोलन का जिक्र करते हुए कहा कि, वह देश को किसानों को बधाई देना चाहते हैं। तीन कानूनों को रद्द कराने के लिए किसान पहाड़ की तरह खड़े रहे और एक कदम पीछे नहीं हटाया और एक इंच भी जमीन नहीं दी। कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि, कांग्रेस के शासन में पीएम हुआ करते थे, लेकिन अब पीएम नहीं राजा हैं। राजा न सुनेगा न बात करेगा, सिर्फ अपना निर्णय लेगा। मोदी सरकार ने भारत के दो हिस्से कर दिए हैं। जिसमें एक अमीरों का और दूसरा गरीब, किसान और मजूदरों का भारत है। कांग्रेस एक हिन्दुस्तान चाहती है, जिसमें सबको न्याय मिले।

राहुल ने कहा कि भाजपा के राज में दो हिन्दुस्तान बन गए हैं। एक अमीरों का हिन्दुस्तान है जो चार्टर्ड प्लेन में उड़ते हैं, फाइव स्टार होटल में रहते हैं, कानून तोड़ते हैं और जमीन कब्जाते हैं। देश के 40 फीसदी लोगों के बराबर पैसा इनके पास है। विश्व में ऐसी असमानता कहीं नहीं दिखती है।

राहुल गांधी ने यूपीए की सरकार की उपलब्धियां गिनाई और बताया कि, यूपीए की सरकार में किसान-मजूदरों के डेलीगेशन अपनी मांगों को लेकर आते थे। यह लोग अपनी बात रखते थे। हर बार सरकार मांगों को नहीं मान सकती थी। अगर मांग ठीक नहीं लगती थी तो मना कर देते थे, लेकिन मांग ठीक लगती थी तो उसे मानते थे। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ कर दिया था। 70 हजार करोड़ रुपये किसानों की कर्जमाफी हुई थी। हमने समझा था कि किसान परेशानी में हैं। हमने किसानों की मदद की क्योंकि किसान देश की मदद करता है।

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.