June 25, 2026

250 पैक्स के अध्यक्ष और उनके परिजन “विशेष अतिथि” के रूप में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड 2024 के साक्षी बनेंगे।

दिल्ली, देशभर के 24 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की लगभग 250 प्राथमिक कृषि ऋण समितियों पैक्स के अध्यक्ष और उनके परिजन “विशेष अतिथि” के रूप में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड 2024 के साक्षी बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की “सहकार से समृद्धि” की परिकल्पना को साकार करने के लिए गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कुशल मार्गदर्शन में सहकारिता मंत्रालय ने बहुत ही कम समय में ही 54 से अधिक महत्वपूर्ण पहल की हैं।

पैक्स का कम्प्यूटरीकरण इनमें से एक प्रमुख पहल है जिसके तहत 2,516 करोड़ रुपये के कुल वित्तीय परिव्यय के साथ 63 हजार पैक्स को कम्प्यूटरीकृत किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस परेड देखने के बाद शाम को विशेष अतिथि “भारत पर्व” में शामिल होंगे। रक्षा मंत्रालय के सहयोग से सहकारिता मंत्रालय गणतंत्र दिवस परेड 2024 में विशेष अतिथियों की मेजबानी कर रहा है।

सहकारिता मंत्रालय गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित इन विशेष अतिथियों के दिल्ली प्रवास को एक यादगार अनुभव बनाने और पैक्स कम्प्यूटरीकरण परियोजना की सफलता को प्रदर्शित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह आयोजन सहभागी पैक्स को ‘सहकार से समृद्धि’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक नए जोश के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.