September 22, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 37वें राष्ट्रीय खेल में राज्य से प्रतिभागियों के दल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आगामी 37वें राष्ट्रीय खेल में राज्य से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के दल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य की ओर से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल किट का वितरण कर शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर श्री धामी ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी कुशल खेल प्रतिभा के बल पर देवभूमि का नाम अवश्य रोशन करेंगे। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा इस वर्ष खेल विधाओं एवं खिलाड़ियों की संख्या में वृद्धि हुई है। राज्य में प्रतिभा को बढ़ाए जाने के मकसद से खेल प्रतिभाशाली और उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए खेल छात्रवृत्ति देने का कार्य जारी है। राज्य में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु ’’नई खेल नीति’’ लाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को जमीनी स्तर से खेल क्षेत्र में रूचि लाने हेतु 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों को ’’मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’’ के अंतर्गत दो हजार रुपए प्रति माह छात्रवृत्ति एवं दस हजार रुपए प्रति वर्ष संबंधति खेलों हेतु किट खरीदने के लिए दिए जा रहे है। “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना” में 08 से 14 वर्ष के उभरते खिलाड़ियों को पन्द्रह सौ रूपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। साथ ही खिलाड़ियों को नियमानुसार त्वरित वित्तीय लाभ दिये जाने हेतु ‘मुख्यमंत्री खेल विकास निधि’ की स्थापना भी की गयी है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों के बीच आकर स्वयं को गौरवान्वित एवं ऊर्जावान महसूस कर रही हूं। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ लोगों का खेल के प्रति नजरिया भी बदला है। उत्तराखंड खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है।

इस दौरान कार्यक्रम में उत्तराचंल ओलंपिक एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष निर्मान मुखर्जी, महासचिव डॉ. डी.के सिंह, निदेशक खेल जितेंद्र कुमार सोनकर, डॉ. अलकनंदा अशोक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.