August 8, 2026

शहर में होटल, रेस्टोरेंट, मांस की दुकानों पर खाद्य सामग्री की जांच हेतु चलाया गया अभियान।

देहरादून , जिला प्रशासन एवं नगर निगम की टीम द्वारा आज शहर में होटल, रेस्टोरेंट, मांस की दुकानों पर खाद्य सामग्री की जांच हेतु अभियान चलाया गया। इसके तहत टीम द्वारा प्रिंस चौक, गांधी रोड, त्यागी रोड, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों में होटल, रेस्टोरेंट, मांस की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

आज तहसीलदार सदर मोहम्मद शाहदाब एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम रमेश सिंह, की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन के समीप होटल मीडो की किचन में गंदगी पाई गई तथा मांस भी गंदी अवस्था में रखा पाया गया, साथ ही फूड सेफ्टी लाइसेंस की वैधता समाप्त पाई गई, मांस का बिल दिखाने पर बिल प्रस्तुत नहीं किया गया जिस पर टीम द्वारा दुकान का चालान किया गया।

इसी प्रकार तरुण आहूजा रॉयल रेस्टोरेंट में सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, खाद्य सामग्री का नमूना लिया गया। ऋषिपाल मीट की दुकान पर लाइसेंस पाया गया, किंतु सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई। पंजाबी ढाबा प्रिंस चौक पर निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर लाइसेंस पाया गया, किंतु मेडिकल एवं वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट नहीं पाई गई तथा सफाई का स्तर भी असंतोषजनक पाया गया। शमशेर सिंह मीट की दुकान पर लाइसेंस नहीं पाया गया तथा सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई। रॉयल मुरादाबादी बिरयानी (ईदगाह)पर लाइसेंस की वैधता समाप्त पाई गई तथा सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई। होटल सिद्धार्थ पैराडाइज में वेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट नहीं पाया गया तथा मांस का बिल भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। अमृतसरी फिश कॉर्नर में लाइसेंस नहीं पाया गया, सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई, पनीर सैंपल का नमूना लिया गया। पंजाबी रसोई में लाइसेंस नहीं पाया गया। सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई, मांस का बिल भी उपलब्ध नहीं करा गया। येलो चिल्ली रेस्टोरेंट में लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाए तथा सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई, मांस का बिल भी उपलब्ध नहीं करा पाए। अनमोल ट्रेडिंग द्वारा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया तथा कॉफी, चॉकलेट पाउडर ग्रीन टी आदि सामग्री एक्सपायर पाई गई, टीम द्वारा अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए। साथ ही टीम द्वारा कई प्रतिष्ठानों के चालान किए गए।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.