उत्तराखंड स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 14 मई तक होंगे पंजीकरण।
उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खेल विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार बालक एवं बालिकाओं के लिए विभिन्न खेल विधाओं में प्रवेश दिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 14 मई 2026 निर्धारित की गई है।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून, श्री हरी सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ तथा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत में चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को खेल प्रशिक्षण के साथ आवासीय सुविधा, आधुनिक खेल उपकरण तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों का मार्गदर्शन मिलेगा।
देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, ताइक्वांडो एवं आइस स्पोर्ट्स जैसी खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं पिथौरागढ़ कॉलेज में एथलेटिक्स, फुटबॉल और बॉक्सिंग तथा चंपावत बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बैडमिंटन और बॉक्सिंग के लिए प्रवेश होंगे।
खेल विभाग के अनुसार आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं की आयु 10 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी उत्तराखंड के मूल अथवा स्थायी निवासी होने चाहिए। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा और खेल प्रतिभा परीक्षण शामिल रहेगा।

