राम मंदिर चंदा और चढ़ावा चोरी प्रकरण में एसआईटी ने गोपाल राव से की पूछताछ:पुलिस ने आरोपी अविनाश शुक्ला को जेल से कस्टडी में लिया,
Ayodhya 04 July 2026,
राम मंदिर चंदा और चढ़ावा चोरी की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को भी मंदिर परिसर पहुंचकर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर 6 जुलाई की बैठक में विचार होगा। विश्व हिंदू परिषद ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सरकार की ओर से निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एसआईटी ने गोपाल राव से पूछताछ कर मामले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। इसी बीच पुलिस ने न्यायालय की अनुमति के बाद मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को अयोध्या जिला जेल से कस्टडी में लेकर पुलिस लाइन पहुंची, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद करीब 2 घंटे तक गहन पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस उसे आगे की जांच के लिए प्रतापगढ़ ले गई। पुलिस ने अविनाश शुक्ला की निशानदेही पर अयोध्या के कौशलपुरी क्षेत्र से ब्रेजा कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी अविनाश शुक्ला राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के कार्य से जुड़ा था और अयोध्या में किराये के मकान में रहता था। इससे पहले उसके कमरे से लगभग 20 लाख रुपये नकद, एक हजार अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण तथा राम राज्य कोष लिखा एक बक्सा बरामद किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने प्रकरण के अन्य आरोपियों लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के निर्माणाधीन मकानों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस और एसआईटी ने बताया कि मामले में नए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा आवश्यकतानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। दोनों के इस्तीफे पर राम मंदिर ट्रस्ट की 6 जुलाई को होने वाली बैठक में विचार होगा।
विश्व हिंदू परिषद ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार पूरी गंभीरता से जांच करा रही है और सच सामने लाया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ‘नकली राम भक्त’ खुद को ‘सनातन’ कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना से हिंदू समाज आहत है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी के प्रकरण से करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान, मुकदमा और सजा से ही समाज का विश्वास बहाल हो सकता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राम मंदिर के दान पात्रों से कथित चोरी को ‘अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर अपनी चुप्पी की वजह बताते हुए कहा कि अगर उन्होंने पर्ची निकालकर आरोपी का नाम बता दिया तो उन्हें निपटा दिया जाएगा। आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने इस विवाद से दूरी बनाने के संकेत कए हैं।अयोध्या के प्रतिष्ठित संतों ने चंपत राय के पक्ष में पूरी तरह से मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को अयोध्या संत मंडल की एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई, जिसके तुरंत बाद संतों ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया चाहिए। रामनगरी के तमाम बड़े संतों ने कहा कि चंपत राय पर वित्तीय गबन के जो भी आरोप मढ़े जा रहे हैं, वे पूरी तरह से झूठे और बेबुनियाद हैं। संतों का दावा है कि उन्हें इस सम्मानित पद से हटाने के पीछे कुछ विरोधी ताकतों की एक बहुत बड़ी और गहरी साजिश काम कर रही है।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफा मांगा है ।कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी की मांग की और कहा कि केवल चिंता जताने से काम नहीं चलेगा। कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी की मांग की है
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए, क्योंकि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने भाजपा पर भगवान राम के नाम पर पैसा लूटने का आरोप लगाया।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इस पूरे विवाद पर बेहद तल्ख और कड़े शब्दों का प्रयोग किया। चंपत राय के संभावित इस्तीफे की खबरों पर शंकराचार्य ने कहा, “इतने बड़े भगवान के दरबार में इतनी बड़ी चोरी करके क्या सिर्फ एक इस्तीफा सौंप देने से छुट्टी मिल जाएगी? यह कैसा नाटक बना रखा है।”
एसआईटी ने राम मंदिर परिसर में गहन पड़ताल करते हुए ट्रस्ट के लिए हुई भूमि खरीद से जुड़े वित्तीय लेनदेन का सत्यापन किया। विभिन्न बैंकों के अधिकारियों और नकदी गणना में शामिल बैंक कर्मियों से पूछताछ की गई।
राम मंदिर चंदा और चढ़ावा चोरी प्रकरण में एसआईटी ने गोपाल राव से की पूछताछ:पुलिस ने आरोपी अविनाश शुक्ला को जेल से कस्टडी में लिया,
SIT questions Gopal Rao in Ram Temple donation and offering theft case: Police take accused Avinash Shukla into custody from jail
