August 14, 2026

डॉ. निशंक ने सीएम योगी से की मुलाकात, मैथिलीशरण गुप्त संग्रहालय के लिए 4 करोड़ स्वीकृत

Dr. Ramesh Pokhriyal ‘Nishank’

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने शुक्रवार को कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राष्ट्रनिर्माण, भारतीय संस्कृति, साहित्य संवर्धन और लेखक गाँव थानो, देहरादून में हिमालय संग्रहालय की स्थापना सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

भेंट के दौरान डॉ. निशंक ने चिरगांव, झांसी स्थित राष्ट्रकवि एवं पद्मभूषण मैथिलीशरण गुप्त के पैतृक आवास को ‘राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त संग्रहालय’ के रूप में विकसित करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार करते हुए इस दिशा में 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की।

डॉ. निशंक ने कहा कि राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त का साहित्य भारतीय संस्कृति, राष्ट्रचेतना और देशभक्ति की भावना का सशक्त स्वर रहा है। उनके पैतृक आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाना उनकी साहित्यिक विरासत और राष्ट्रभक्ति की चेतना को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

इस अवसर पर डॉ. निशंक ने हिमालय की गोद में स्थित भारत के पहले ‘लेखक गाँव’ थानो, देहरादून में आयोजित होने वाले ‘लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026’ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए लेखक गाँव आने का आश्वासन दिया।

डॉ. निशंक ने मैथिलीशरण गुप्त के पैतृक आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रचेतना से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.