September 27, 2026

देहरादून में पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित: 30 सितंबर से भरे जाएंगे नामांकन पत्र:12 अक्टूबर को होगा मतदान

Dehradun 27 September 2026,

जनपद देहरादून में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों एवं स्थानों पर उपचुनाव कराने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड द्वारा जारी अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी डा. आशीष चौहान ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर एवं 01 अक्टूबर को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे, जबकि 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 30 सितंबर एवं 01 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 03 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक की जाएगी। अभ्यर्थी 04 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात 05 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 5 बजे तक मतदान होगा। वहीं, 14 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी, जो कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों एवं स्थानों पर निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डा. आशीष चौहान के आदेशानुसार, जनपद की जिन ग्राम पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों में रिक्त पदों पर उपचुनाव कराया जाना है, उन क्षेत्रों के संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। यह आचार संहिता उपचुनाव की मतगणना समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

 

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.