September 28, 2026

चकरपुर में टायर फटने से बेकाबू हुआ 16-टायर ट्रक, डिवाइडर तोड़कर पलटा; बड़ा हादसा टला

Accident

ऊधम सिंह नगर जिले के चकरपुर में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के सामने सीमेंट की बोरियों से लदा 16-टायर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर और लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। हादसे में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात करीब 2 बजे हुआ। यूपी नंबर UP 25 T 8452 का ट्रक सिकंदराबाद से सीमेंट लेकर टनकपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक चकरपुर स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के सामने पहुंचा, तभी अचानक उसका अगला टायर जोरदार आवाज के साथ फट गया।

टायर फटते ही बेकाबू हुआ ट्रक

अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते भारी-भरकम ट्रक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया और लोहे की रेलिंग को रौंदते हुए पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि आसपास के घरों में सो रहे लोग भी धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकल आए।

ट्रक के पलटने के बाद उसमें लदी सैकड़ों सीमेंट की बोरियां हाईवे पर बिखर गईं, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। सुबह के समय हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रात में कम ट्रैफिक होने से टला बड़ा नुकसान

हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। रात का समय होने और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कम होने के कारण बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।

घटना की सूचना के बाद सड़क पर फैली सीमेंट की बोरियों को हटाने के लिए क्रेन और मजदूरों की मदद ली गई। क्षतिग्रस्त ट्रक को भी सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि हाईवे पर यातायात को सामान्य किया जा सके।

फिलहाल हादसे के कारणों में अचानक ट्रक का अगला टायर फटना बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।

चांद बाबू, स्थानीय निवासी
Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.