September 28, 2026

गंगोत्री ट्रैकिंग रूट पर प्रशासन अलर्ट, ट्रैकर्स और पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी जारी

trekkers

उत्तरकाशी। जिले में खराब मौसम और ट्रैकिंग रूटों पर उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला प्रशासन, वन विभाग, एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमें ट्रैकिंग रूटों पर फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं। प्रशासन की प्राथमिकता सभी पर्यटकों और ट्रैकिंग दलों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है।

संयुक्त रेस्क्यू टीमों की ओर से ट्रैकिंग रूटों पर लगातार निगरानी की जा रही है। देश-विदेश से पहुंचे ट्रैकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित स्थानों तक लाने के साथ ही उनके ठहरने, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है।

भोजवासा और चीड़बासा से पर्यटकों की सुरक्षित वापसी

प्रशासन के अनुसार, भोजवासा और चीड़बासा में रुके अधिकांश पर्यटकों को गंगोत्री नेशनल पार्क के कर्मचारियों की मदद से सुरक्षित वापस लाया जा चुका है। ट्रैकिंग रूटों पर मौजूद अन्य लोगों की भी सुरक्षित वापसी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के साथ उनकी आवश्यक जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है। किसी भी पर्यटक को परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षित स्थानों पर ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर प्राथमिक चिकित्सा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

ट्रैकर्स

कंट्रोल रूम से पल-पल की निगरानी

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और ट्रैकिंग रूटों की स्थिति तथा रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए ट्रैकर्स और पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि मौसम और ट्रैकिंग रूटों की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक जोखिम न उठाएं और प्रशासन एवं रेस्क्यू टीमों के निर्देशों का पालन करें। फिलहाल संयुक्त टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ ट्रैकिंग क्षेत्रों में अभियान चला रही हैं।

वर्तमान समय में ऑडेन कोल (Auden’s Col) क्षेत्र से सभी 29 ट्रैकर्स का सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू कर लिया गया है।

रेस्क्यू किए गए सभी ट्रैकर्स को हर्षिल हेलिपैड पर लाने के उपरांत प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। सभी ट्रैकर्स का स्वास्थ्य सामान्य है। प्राथमिक उपचार के पश्चात सभी ट्रैकर्स अपने-अपने गंतव्य के लिए सुरक्षित रूप से प्रस्थान कर चुके हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.