दून विश्वविद्यालय की मेस में खाने में मिला कीड़ा, छात्रों का फूटा गुस्सा; देर रात कुलपति आवास का घेराव
दून विश्वविद्यालय की मेस में सोमवार रात भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। मेस के खाने की गुणवत्ता और व्यवस्था को लेकर नाराज छात्रों ने देर रात कुलपति आवास का घेराव कर विरोध जताया। इस दौरान छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए मेस व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
छात्रों के कुलपति आवास पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस और विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी शिकायतों को लेकर जानकारी ली।
छात्रों का कहना था कि मेस के भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। छात्रों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद मेस की व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
सोमवार रात भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्राओं ने पहले मेस में ही विरोध जताया। इसके बाद छात्राएं समूह के साथ कुलपति आवास पहुंच गईं। कुछ ही देर में अन्य छात्र भी वहां एकत्र हो गए और उन्होंने मेस व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
छात्रों ने मेस के भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने, साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और भोजन की नियमित निगरानी की मांग रखी। छात्रों का कहना था कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए मेस का भोजन रोजमर्रा की जरूरत है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मेस की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करने और भविष्य में इस तरह की शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।