यूपी होमगार्ड्स को यूपी पुलिस कांस्टेबल के न्यूनतम वेतन के बराबर मिलेगा दैनिक भत्ता/वेतन:इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने दिया आदेश,
Lucknow 19 November 2026,
उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के जस्टिस राजीव सिंह ने होमगार्ड्स को उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल के न्यूनतम वेतन के बराबर दैनिक भत्ता/वेतन देने का आदेश दिया है।
होमगार्ड्स की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग की गई थी। उन्होंने दलील दी है कि, वे पुलिस कांस्टेबल की तरह ही कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक, वीआईपी ड्यूटी, चुनाव और आपदा के दौरान दिन-रात ड्यूटी करते हैं। लेकिन उन्हें वेतन काफी कम मिलता है। कोर्ट ने होमगार्ड्स की इस दलील को स्वीकार कर लिया। और होमगार्ड्स को अब पुलिस कांस्टेबल के न्यूनतम वेतनमान के बराबर दैनिक भत्ता या वेतन देने पर का आदेश दिया। हाईकोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार या विभाग द्वारा वर्ष 2019 में जारी किए गए पुराने आदेश को भी रद्द कर दिया है। इस फैसले से उत्तर प्रदेश में ड्यूटी कर रहे करीब 87 हजार से अधिक होमगार्ड्स को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
संभावित वेतन पर असर
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल का शुरुआती मूल वेतन (पे-लेवल 3) 21,700 रुपये प्रति माह है। महंगाई भत्ता (डीए) और अन्य भत्तों को जोड़ने के बाद पुलिस कांस्टेबल का शुरुआती मासिक वेतन लगभग 33,000 रुपये से 36,500 रुपये के बीच बैठता है। कोर्ट के आदेश के पालन के बाद होमगार्ड जवानों के दैनिक भत्ते की गणना इसी न्यूनतम वेतन के आधार पर की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के होमगार्ड स्वयंसेवकों को दैनिक ड्यूटी भत्ता (मानदेय) मिलता है, जो मूल भत्ते और महंगाई भत्ते (डीए) को मिलाकर लगभग ₹960 से ₹978 प्रतिदिन के आसपास होता है। इस प्रकार, पूरे महीने (30 दिन) ड्यूटी करने पर उनकी कुल मासिक आय लगभग ₹28,800 से ₹29,340 तक बनती है।
