देहरादून में बाइक सवार बदमाशों ने भाई-बहन पर की फायरिंग, युवक घायल
राजधानी देहरादून में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बाइक सवार भाई-बहन पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गोली लगने से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक उज्जीवन बैंक में कार्यरत है और अपनी कजन के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
