शुद्धीकरण विवाद के बीच भाजपा का महामंथन, मिशन-2027 पर होगा मंथन
शुद्धीकरण विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी का महामंथन हल्द्वानी में शुरू हो जाएगा। पार्टी की नई टीम की पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनीतिक एजेंडे के तहत मिशन-2027 केंद्र में रहेगा। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
हल्द्वानी के बैंक्वेट हॉल में आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रदेशभर से 597 प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
बैठक में राजनीतिक प्रस्तावों के साथ विपक्ष की आक्रामकता का जवाब देने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा जनता से सीधे संवाद बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद शाम को रामपुर रोड स्थित एक होटल में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में कोर कमेटी और प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें आगामी चुनावी कार्ययोजना और संगठन के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
10 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष का व्यस्त कार्यक्रम
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गुरुवार को भी हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। सुबह 10 बजे वह अमरदीप होटल में जेन-जी के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे नैनीताल रोड स्थित वाटिका बैंक्वेट हॉल में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
दोपहर बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्रपुर पहुंचकर सिख गौरव सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भाजपा के इस दो दिवसीय राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रम को प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पार्टी नेतृत्व का पूरा जोर मिशन-2027 के लिए मजबूत रणनीति तैयार करने, संगठन को धार देने और विपक्ष के राजनीतिक हमलों का प्रभावी जवाब तय करने पर रहेगा।
