July 16, 2026

रामनगर में सिंचाई नहर में मिला युवक का शव, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

Ramnagar

रामनगर के हाथी डगर सिंचाई नहर में बुधवार देर शाम एक युवक का शव बहता हुआ दिखाई देने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नहर में उतरकर युवक को बाहर निकाला और उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार कुछ लोग युवक को अचेत अवस्था में उपचार के लिए लेकर पहुंचे थे। साथ आए लोगों ने बताया कि युवक नहर में गिर गया था। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान सुरेश पुरी (38 वर्ष) निवासी ग्राम बसई के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक के बड़े भाई संजय पुरी ने अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि सुरेश पुरी मजदूरी का कार्य करता था। बुधवार शाम वह काम से घर लौटा था और कुछ देर बाद टहलने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान सूचना मिली कि वह नहर में गिर गया है और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस युवक के नहर में गिरने के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

डा सारिक
सरकारी चिकित्सक रामनगर

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.