July 22, 2026

चारधाम यात्रा ने रचा नया इतिहास, 31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। कपाट खुलने के महज कुछ ही सप्ताह के भीतर चारों धामों में 31 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है।

श्री बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष केदारनाथ धाम में 11 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। वहीं बद्रीनाथ धाम में 9 लाख से अधिक भक्त भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है। यात्रा मार्गों पर बेहतर व्यवस्थाओं, सुगम यातायात और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं में किए गए सुधारों का भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। राज्य सरकार, प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा रहा है।

चारधाम यात्रा के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं में लगातार बढ़ते उत्साह को देखते हुए आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। यात्रा सीजन के शुरुआती चरण में ही रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

हेमंत द्विवेदी अध्यक्ष,BKTC

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.