November 3, 2026

मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना: 9,477 बच्चों के खातों में पहुंचे 2.84 करोड़ रुपये, दो माह की सहायता राशि जारी

Vatsalya Yojana

मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत उत्तराखंड सरकार ने सितंबर और अक्टूबर 2026 की आर्थिक सहायता राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने कैंप कार्यालय से सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) के माध्यम से डीबीटी के जरिए यह धनराशि जारी की। दोनों महीनों में प्रदेश के कुल 9,477 लाभार्थियों को 2 करोड़ 84 लाख 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि सितंबर 2026 में प्रदेश के 13 जनपदों के 4,750 लाभार्थियों को 1 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये वितरित किए गए। वहीं अक्टूबर 2026 में 4,727 लाभार्थियों के खातों में 1 करोड़ 41 लाख 81 हजार रुपये भेजे गए। सरकार की ओर से योजना के तहत पात्र बच्चों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रभावित बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना उन बच्चों के लिए आर्थिक सुरक्षा और संबल का माध्यम है, जिन्होंने कोरोना महामारी अथवा अन्य विषम परिस्थितियों में अपने माता-पिता या संरक्षक को खोया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इन बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा, पोषण और बेहतर जीवन के अवसरों से वंचित न रहे। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि योजना का लाभ पात्र बच्चों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

अब तक 1,817 बच्चे योजना से हुए बाहर

विभागीय मंत्री ने बताया कि जिला स्तरीय समिति की ओर से योजना के अंतर्गत कुल 6,544 बच्चों को अनुमोदित किया गया है। सितंबर 2026 में 30 और अक्टूबर 2026 में 23 बच्चों ने 21 वर्ष की आयु पूरी कर ली। योजना शुरू होने से अब तक कुल 1,565 बच्चे 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं।

इसके अलावा मृत्यु, सेवायोजन, माता-पिता के पुनर्विवाह और लाभार्थी के विवाह सहित अन्य कारणों से 252 बच्चे योजना से बाहर हुए हैं। इस प्रकार अब तक योजना से बाहर होने वाले बच्चों की कुल संख्या 1,817 हो गई है।

कोविड प्रभावित बच्चों के लिए शुरू हुई थी योजना

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की शुरुआत कोविड-19 महामारी और अन्य बीमारियों के कारण अपने माता-पिता अथवा संरक्षक को खोने वाले बच्चों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। योजना के तहत 1 मार्च 2020 से 31 मार्च 2022 की अवधि में प्रभावित हुए पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता और भरण-पोषण भत्ता दिया जा रहा है।

इन जिलों में वितरित हुई सहायता राशि

सितंबर और अक्टूबर 2026 में जनपदवार वितरित धनराशि में अल्मोड़ा को 17.01 लाख, बागेश्वर को 5.07 लाख, चमोली को 6.06 लाख, चंपावत को 14.76 लाख, देहरादून को 40.70 लाख, हरिद्वार को 34.98 लाख, नैनीताल को 28.29 लाख, पौड़ी गढ़वाल को 26.58 लाख, पिथौरागढ़ को 9.30 लाख, रुद्रप्रयाग को 11.16 लाख, टिहरी गढ़वाल को 38.07 लाख, ऊधमसिंह नगर को 37.80 लाख तथा उत्तरकाशी को 14.16 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.