May 20, 2026

देहरादून: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर प्रशासन का फोकस, जनदर्शन में पहुंचे 300 फरियादी

मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत राजधानी देहरादून में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रमों के साथ अब सरकारी कार्यालयों में प्रतिदिन आने वाले फरियादियों की शिकायतों को भी गंभीरता से सुना और निस्तारित किया जा रहा है।

हाल ही में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में करीब 300 आवेदक अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ न मिलना, निजी भूमि विवाद और विभागीय समन्वय की कमी जैसी कई महत्वपूर्ण शिकायतें सामने आईं।

सविन बंसल ने बताया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को मौके पर ही राहत प्रदान करना है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर ही सक्रिय किया जाता है, ताकि अधिकतर मामलों का समाधान तत्काल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शासन स्तर से दिशा-निर्देशों या विस्तृत जांच की आवश्यकता होती है, उन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक शिकायत की निगरानी ‘लेटर मॉनिटरिंग सिस्टम’ के माध्यम से की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जितना अधिक जनता के साथ सीधे संवाद स्थापित करेगा, शासन व्यवस्था में लोगों का भरोसा उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि जिला योजना और खनिज न्यास जैसे फंडों का उपयोग भी जनहित के कार्यों में प्रभावी ढंग से किया जा रहा है, ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके। साथ ही इस पूरी व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जा रहा है।

सविन बंसल, जिलाधिकारी देहरादून

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.