भारतीय सेना भर्ती: CEE परीक्षा का परिणाम जारी, 27 जुलाई से रानीखेत में होगी फिजिकल रैली
भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जांच लें।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय श्रेणी (रिलीजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार एवं हवलदार सर्वेयर ऑटो कार्टोग्राफर) तथा जोनल श्रेणी (सिपाही फार्मा और नर्सिंग असिस्टेंट) के सफल अभ्यर्थियों के साथ-साथ उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 27 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल फिटनेस टेस्ट) आयोजित की जाएगी।
भर्ती कार्यालय ने बताया कि रैली के पहले दो दिन केंद्रीय और जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि शेष दिनों में अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी तीन-तीन फोटोकॉपी तथा तीन महीने से अधिक पुराने न होने वाले 20 पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो लेकर आएं।
रैली में प्रवेश के लिए रैली एडमिट कार्ड, आधार कार्ड एवं उससे लिंक मोबाइल नंबर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अंकतालिका, जाति प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा एक वर्ष के भीतर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों के बिना किसी भी अभ्यर्थी को रैली स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि अग्निवीर श्रेणी में कुमाऊंनी जाति के अभ्यर्थियों के जाति प्रमाण पत्र में ‘कुमाऊंनी जाति’ का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। केवल ‘कुमाऊं क्षेत्र’ का उल्लेख मान्य नहीं होगा।
भर्ती कार्यालय ने चेतावनी दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए पाया गया तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी और उसके विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों से भर्ती रैली की अधिसूचना का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी जारी रखने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय रानीखेत के हेल्पलाइन नंबर 94581 68520 तथा लैंडलाइन 05962-297192 और 05962-298449 पर संपर्क कर सकते हैं।
