पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड लंबित, यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन ने समाधान की उठाई मांग
लखनऊ। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह से मुलाकात कर बड़ी संख्या में पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बनने पर चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मामलों की स्टेटस रिपोर्ट उपलब्ध कराने और प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।
यूनियन ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई में सूचना निदेशालय में आयुष्मान कार्ड बनाने वाली एजेंसी का विशेष शिविर आयोजित किया गया था। उस दौरान जिन पत्रकारों के तकनीकी या दस्तावेजी त्रुटियों के कारण कार्ड नहीं बन पाए थे, उनसे दोबारा आवेदन पत्र भरवाए गए थे। हालांकि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उन मामलों का निस्तारण नहीं हो सका है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि कई पत्रकारों के आवेदन अब भी लंबित हैं। साथ ही एजेंसी द्वारा नए आवेदन पत्र भी स्वीकार नहीं किए गए, जिससे कई पात्र पत्रकार आयुष्मान योजना का लाभ लेने से वंचित हैं।
यूनियन ने सूचना निदेशक विशाल सिंह से अनुरोध किया कि आयुष्मान कार्ड का कार्य देख रही एजेंसी को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए जाएं। इसके साथ ही सूचना निदेशालय और जिला सूचना कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को तेज किया जाए।
यह प्रतिनिधिमंडल यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के लखनऊ मंडल अध्यक्ष शिवशरण सिंह के नेतृत्व में सूचना निदेशक से मिला। इस दौरान पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
