मंत्री लिखी कार पर कार्रवाई, अवैध हूटर और माइक लगाने पर वाहन सीज
कोटद्वार। शहर के पटेल मार्ग पर लाल-नीली बत्ती और हूटर लगी एक कार में “मंत्री” लिखकर चल रहे वाहन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। वाहन चालक बिना अनुमति विशेषाधिकार प्राप्त वाहन का उपयोग करता पाया गया।
जानकारी के अनुसार, पटेल मार्ग पर एक कार में लाल-नीली लाइट लगी हुई थी और वाहन के आगे “मंत्री” लिखा हुआ था। आरोप है कि कार में लगे माइक के माध्यम से अन्य वाहन चालकों को रास्ता खाली करने के निर्देश दिए जा रहे थे तथा सड़क पर चलते समय हूटर का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर एक स्थानीय व्यक्ति ने इसकी सूचना सीपीयू ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर कैलाश पुरी और इंस्पेक्टर प्रदीप नेगी को दी। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर कैलाश पुरी मौके पर पहुंचे और वाहन की जांच की।
जांच के दौरान कार में बिना अनुमति हूटर और माइक लगे पाए गए। साथ ही वाहन के आगे “मंत्री” लिखा हुआ था। पुलिस ने चालक से वाहन के दस्तावेज और हूटर लगाने की अनुमति संबंधी कागजात मांगे, लेकिन वह आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस वाहन को कोतवाली ले आई। कोटद्वार के इंस्पेक्टर प्रदीप नेगी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार को सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक की पहचान समर्थ भट्ट निवासी सनेह लालपानी, कोटद्वार के रूप में हुई है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
