August 1, 2026

उत्तराखंड में मानसून का असर तेज, कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

Monsoon

उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन जिलों के लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई और 1 अगस्त को भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

डॉ. तोमर के अनुसार 2 अगस्त से 5 अगस्त के बीच मानसून के और अधिक सक्रिय होने के संकेत हैं। इस दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन, सड़क अवरोध, नदियों और बरसाती नालों के जलस्तर में वृद्धि जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

उन्होंने बताया कि इस मानसून सीजन में अब तक उत्तराखंड में सामान्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो मानसून की सक्रियता को दर्शाता है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं जिला प्रशासनों को भी संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. सीएस तोमर, (निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून)

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.