June 30, 2026

एमवी केम प्‍लूटो पर हमले के कारणों की जांच शुरू।

दिल्ली, एमवी केम प्लूटो (लाइबेरियन फ्लैग केमिकल/ऑयल टैंकर), 21 भारतीय और 01 वियतनामी चालक दल को लेकर, 23 दिसंबर 2023 को मुंबई पहुंचा और 25 दिसंबर 2023 को दोपहर साढ़े तीन बजे मुंबई के पास आउटर एंकरेज में सुरक्षित रूप से लंगर डाला। इस जहाज पर 23 दिसम्‍बर, 2023 को ड्रोन द्वारा हमला किया गया था।

भारतीय नौसेना की विस्फोटक आयुध टीम ने हमले की प्रकृति का आरंभिक आंकलन करने के लिए जहाज का निरीक्षण किया। हालांकि इस हमले में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक के प्रकार और मात्रा सहित हमले के संचालन का पता लगाने के लिए आगे फोरेंसिक और तकनीकी विश्लेषण किया जाना है। इसके लिए एमवी केम प्लूटो को मुंबई में कंपनी प्रभारी द्वारा आगे जांच के लिए स्‍वीकृति दे दी गई है।

कार्गो के शिप टू शिप (एसटीएस) हस्तांतरण से पहले जहाज की विभिन्न निरीक्षण अधिकारियों द्वारा अनिवार्य रूप से जांच की जाती है। अरब सागर में हाल में हुए हमलों को ध्यान में रखते हुए, भारतीय नौसेना ने बचाव के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विध्‍वंसक प्रेक्षपास्‍त्र पोत (गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर), आईएनएस मोरमुगाओ, आईएनएस कोच्चि और आईएनएस कोलकाता तैनात किए हैं। क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनाए रखने के लिए लंबी दूरी के समुद्री टोही पी8आई विमानों को नियमित रूप से तैनात किया जा रहा है।

पश्चिमी नौसेना कमान का समुद्री संचालन केंद्र तटरक्षक बल और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर सक्रिय रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा है। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक और सामरिक शक्ति के कारण कुछ देशों में ईर्ष्या और नफरत भर रही है। उन्होंने लाल सागर में ‘एमवी साईं बाबा’ पोत पर हमले को गंभीर मामला करार दिया। रक्षा मंत्री आईएनएस इंफाल के कमीशन होने के मौके पर बोल रहे थे।

 

***

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.