Recent Posts

September 21, 2026

ऑपरेशन प्रहार: एक साल पुराने चर्चित हत्याकांड का खुलासा, 50 हजार का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार

देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि थाना राजपुर पुलिस ने एक वर्ष पूर्व हुए चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड के मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही हत्या को अंजाम देने वाले शार्प शूटर जैकी उर्फ राजन और उसकी प्रेमिका जोया उर्फ हुमेरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा हुआ कि संपत्ति विवाद के चलते अमित भटेजा ने अपने सौतेले भाई अजय भटेजा की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक अमित ने सुपारी देकर राजन और हुमेरा से अजय की तकिये से मुंह दबाकर हत्या करवाई थी। घटना के बाद उसने मौके से संपत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हटा लिए थे।

घटना के बाद से फरार चल रहे अमित भटेजा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। उसके खिलाफ 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। आखिरकार राजपुर पुलिस ने उसे देहरादून जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संपत्ति और वाहनों से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत संगठित अपराध और गंभीर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल 

Reported By: Shiv Narayan

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.