देहरादून में पेट्रोल की कीमत और गुणवत्ता पर सियासत तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल
देहरादून में पेट्रोल की कीमत और गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। इसी बीच आशीर्वाद फिलिंग स्टेशन पर इंडियन ऑयल का प्रीमियम XP100 पेट्रोल शुरू किया गया है। स्टेशन संचालक के मुताबिक यह 100 ऑक्टेन वाला प्रीमियम ईंधन है, जिसकी कीमत सामान्य पेट्रोल के मुकाबले करीब 60 से 65 रुपये प्रति लीटर अधिक है।
प्रीमियम पेट्रोल की शुरुआत के साथ ही सामान्य पेट्रोल की गुणवत्ता और कीमत को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सामान्य पेट्रोल भले ही करीब 100 से 105 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा हो, लेकिन उसकी गुणवत्ता को लेकर लोगों में सवाल हैं। उन्होंने दावा किया कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल से बाइक, स्कूटर और कारों के इंजन में दिक्कतें आ रही हैं।
गोदियाल ने कहा कि ऐसी स्थिति में लोगों को करीब 170 रुपये प्रति लीटर कीमत वाला प्रीमियम पेट्रोल इस्तेमाल करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने अपने पहाड़ दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके चालक ने भी सामान्य पेट्रोल भरवाने के बाद वाहन में परेशानी आने की शिकायत की थी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर तंज कसते हुए इसे “अच्छे दिनों की शुरुआत” बताया।
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। भाजपा के सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल ने कहा कि देश में वर्षों से इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का इस्तेमाल हो रहा है और इससे किसी तरह की व्यापक समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के लिए इथेनॉल-मुक्त ईंधन का विकल्प भी उपलब्ध है।
विनय गोयल ने कांग्रेस पर पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। ऐसे में देहरादून में XP100 जैसे प्रीमियम ईंधन की शुरुआत के साथ पेट्रोल की कीमत, गुणवत्ता और इथेनॉल मिश्रण का मुद्दा अब राजनीतिक बहस का नया केंद्र बन गया है।
गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
विनय गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, भाजपा।