September 13, 2026

ऋषिकेश में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

Janmashtami

पुरानी शीशम झाड़ी, मुनि की रेती स्थित श्री मां कात्यायनी ज्ञान करतार आश्रम ट्रस्ट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को आकर्षण का केंद्र बना दिया।

महोत्सव के दौरान बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, नृत्य और लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजकर पहुंचे और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। लेखन प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गणमान्य अतिथियों ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, मुनि की रेती की चेयरपर्सन नीलम बिजलवान, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, महामंडलेश्वर ईश्वर दास और महंत लोकेश दास सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों को स्मरण करते हुए सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षिकाओं और सहयोगियों का रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम के आयोजन में श्री मां कात्यायनी ज्ञान करतार आश्रम ट्रस्ट के ट्रस्टी गुरविंदर सलूजा का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में समारोह का सफल आयोजन किया गया।

आयोजन में ज्ञान करतार पब्लिक स्कूल की शिक्षिकाओं सुधा तिवारी, किरण, अर्चना, अनुराधा, यशोदा, सोनम, सीमा, मीना, स्वप्निल और सुषमा सहित अन्य शिक्षिकाओं एवं सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

समारोह के दौरान बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रतिभागी बच्चों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.