September 4, 2026

साइबर अपराधियों पर उत्तराखंड पुलिस का बड़ा प्रहार, ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ में 200 से ज्यादा FIR

Cyber

उत्तराखंड पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान तेज करते हुए ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ शुरू किया है। पिछले सात दिनों से चल रहे इस अभियान के तहत साइबर ठगी में शामिल आरोपियों के साथ-साथ उन्हें बैंक खाते, मोबाइल नंबर और सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने बताया कि अभियान में 8 कंपनी पीएसी और करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस साइबर अपराध के हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित कर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।

अभियान के दौरान अब तक 200 से अधिक FIR दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने 800 से अधिक संदिग्ध बैंक खातों को चिह्नित किया है। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी में धन के लेन-देन की जांच की जा रही है।

बैंक खाता और सिम देने वालों को भी चेतावनी

पुलिस ने आम लोगों को भी साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक अपना बैंक खाता, मोबाइल नंबर या सिम कार्ड किसी अनजान व्यक्ति को किराए पर देना या इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराना भारी पड़ सकता है। यदि इनका इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जाता है तो संबंधित व्यक्ति को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

एडीजी वी. मुरुगेशन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंकिंग दस्तावेज, खाते और मोबाइल कनेक्शन किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

 वी. मुरुगेशन, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.