समाज कल्याण विभाग का अभियान तेज, पात्र लोगों को निशुल्क मिल रहे सहायक उपकरण
समाज कल्याण विभाग केंद्र और राज्य सरकार की विशेष योजनाओं के तहत दिव्यांगजनों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध करा रहा है। विभाग का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपंकर घिल्डियाल ने बताया कि रायपुर स्थित एनआईबीएच (नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर द एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद विजुअल डिसएबिलिटीज) परिसर में प्रधानमंत्री दिव्यांगता केंद्र संचालित किया जा रहा है। यहां पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर, बैसाखी सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है। दिव्यांगजनों को केवल अपना यूडीआईडी (UDID) कार्ड प्रस्तुत करना होगा, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को अपने क्षेत्र के ग्राम प्रधान या पार्षद द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र देना होगा। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी प्रकार की जटिल औपचारिकता नहीं रखी गई है।
दीपंकर घिल्डियाल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान प्रदेश में करीब 22 हजार लाभार्थियों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि पात्र व्यक्ति सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जरूरतमंद लोगों को भी इनके बारे में जानकारी दें।
दीपंकर घिल्डियाल जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून
