July 30, 2026

प्रदेश सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इस संकल्प को मजबूत करने का माध्यम: मुख्यमंत्री धामी,

Uttrakhand 14 Jun 2026,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान आज शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में ऐतिहासिक फैसले लेकर देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता यूसीसी लागू कर ऐतिहासिक पहल की है और नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया है। राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इसी संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया एवं ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सदभावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में मत्स्य विभाग द्वारा ऑर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण कार्य के लिए संजीत कुमार और परदेशी राय को सहयोग राशि दी गई। कृषि विभाग द्वारा शशिकांत वर्मा कृषि समाधान समिति सैजनी, सृजन स्वयं सहायता समूह खटीमा, राधा और स्वायत सहकारिता गोलू स्वयं सहायता समूह भगचुरी खटीमा को अनुदान तथा 22 किसानों को रासायनिक उर्वरक वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 10 लोगों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जननी सुरक्षा योजना से 5 महिलाओं को लाभान्वित किया गया। सहकारिता विभाग द्वारा पं. दीनदयाल योजना के अंतर्गत शून्य ब्याज दर पर 8 लोगों को ऋण चेक प्रदान किए गए।

इस अवसर पर दायित्वधारी मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष नानकमत्ता प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, एएसपी उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.