लोकसभा में बिना चर्चा के जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण संशोधन-2026 विधेयक पारित: दोनों सदन 3 अगस्त 2026 तक स्थगित,
Delhi 31 July 2026
संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में भारी हंगामा हुआ। विपक्षी दलों के हंगामा के चलते सदन बाधित हुआ। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को आज दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया। सदन के दोबारा शुरू होते ही लोकसभा में बिना चर्चा के जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण संशोधन विधेयक भी पारित कर दिया गया। विपक्ष के भारी नारेबाजी के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही को 3 अगस्त 2026 सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा की कार्यवाही:
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही, विपक्षी सदस्यों ने छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सदस्य आसन के निकट पहुंचकर गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से अपने स्थान पर लौटने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘मैंने कई बार कहा है कि प्रश्नकाल महत्वपूर्ण है, यह सदस्यों का समय है। विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट व अन्य छात्र प्रदर्शनों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे और सदन में जवाब की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसी बीच भारी शोर-शराबे और हंगामे के बीच लोकसभा में ‘जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रीकरण संशोधन विधेयक 2026”, बिना किसी चर्चा के ध्वनिमत से पारित कर दिया। सदन के कामकाज में बाधा और लगातार हंगामे के चलते पीठासीन अधिकारी ने कार्यवाही को 3 अगस्त 2026 (सोमवार) सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
राज्यसभा की कार्यवाही:
सभापति सी.पी. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। सभापति ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के नियम 267 के तहत दिए गए स्थगन प्रस्ताव नोटिस को अस्वीकार कर दिया। सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर सदन न चलने देने का आरोप लगाया, और निरंतर हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी सोमवार, 3 अगस्त 2026 तक के लिए स्थगित कर दी गई।
