प्रधानमंत्री के संदेश ‘सबका प्रयास’ की भावना वास्तव में जनभागीदारी, समावेशी विकास और सामूहिक समर्पण को और अधिक सशक्त करती है: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
Delhi, 28 Jun 2026,
आज रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी का प्रसारण हुआ। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न भागों में जनसहयोग से हो रहे प्रेरणादायी कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, नवाचार, युवाओं की सहभागिता तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
प्रधानमंत्री के इस प्रेरणादाई प्रसारण को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में सुना। इस दौरान राज्य सभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, अध्यक्ष जिला पंचायत किरण चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा मधु सिंह, मेयर नगर निगम रुड़की अनीता अग्रवाल, दायित्वधारी देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता और डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित शासन प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश ‘सबका प्रयास’ की भावना वास्तव में जनभागीदारी, समावेशी विकास और सामूहिक समर्पण को और अधिक सशक्त करती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन तथा सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
