September 18, 2026

रुद्रपुर में हिस्ट्रीशीटर ने तमंचे से की ताबड़तोड़ फायरिंग, वीडियो वायरल

Arrest

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक हिस्ट्रीशीटर ने तमंचे से कई राउंड फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक तमंचे से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक कथित तौर पर लगातार कई राउंड फायर करता नजर आ रहा है। फायरिंग के दौरान वह कैमरे के सामने मूंछों पर ताव देता भी दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

विवाद के बाद फायरिंग का आरोप

रुद्रपुर के सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। फायरिंग का आरोप प्रवेश गंगवार पर है, जो ट्रांजिट कैंप कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को जांच में शामिल किया गया है। वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान समेत पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सीओ सिटी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर घटनाक्रम से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

विभव सैनी, सीओ सिटी रुद्रपुर

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.