November 17, 2026

मां धारी देवी मंदिर के समीप बनेगी आधुनिक दो मंजिला पार्किंग, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत

Temple

पौड़ी जनपद स्थित प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना पर कार्यवाही तेज कर दी गई है। करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली इस पार्किंग के निर्माण से मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। भूमि का चिह्नीकरण और जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।

प्रस्तावित योजना के तहत करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसमें लगभग 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था नामित किए जाने का प्रस्ताव सचिव, आवास, उत्तराखंड शासन को भेजा गया है। कार्यदायी संस्था के चयन के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण में तकनीकी मानकों और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा सके।

हालांकि, परियोजना के लिए चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर के पास है। ऐसे में भूमि हस्तांतरण से पहले संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्रों में शामिल है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है, जबकि चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में मंदिर के समीप पार्किंग सुविधा विकसित होने से सड़क किनारे होने वाली अनियोजित पार्किंग पर अंकुश लगेगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार की इस पहल से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.