June 26, 2026

गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में दिल्ली के लाल किले के सामने, नौ दिवसीय वार्षिक मेगा कार्यक्रम “भारत पर्व” आयोजित होगा।

दिल्ली, भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में दिल्ली के लाल किले के सामने लॉन और ज्ञान पथ पर नौ दिवसीय वार्षिक मेगा कार्यक्रम “भारत पर्व” आयोजित करेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन 23 जनवरी, 2024 को शाम 07:30 बजे किया जाएगा। 2016 से आयोजित होने वाला यह उत्सव इस वर्ष 23 से 31 जनवरी तक मनाया जा रहा है। “भारत पर्व” का पहले 6 दिन आयोजन होता था। इस वर्ष कार्यक्रम की अवधि बढ़ा कर 9 दिन कर दी गई है।

इस विशाल कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण हैं गणतंत्र दिवस परेड की झांकी, क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों द्वारा गतिशील सांस्कृतिक प्रदर्शन और विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सांस्कृतिक मंडलों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले खान-पान के स्टाल, हस्तशिल्प और हथकरघा प्रदर्शन और सशस्त्र बल बैंड द्वारा उत्साही प्रदर्शन। यह आयोजन जनता के लिए खुला है और प्रवेश निःशुल्क है।

भारत पर्व में 26 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की भागीदारी है, जो सरकार की मिशन लाइफ, एक जिला एक उत्पाद, विकसित भारत, नारी शक्ति, एक भारत श्रेष्ठ भारत जैसी नागरिक केंद्रित योजनाओं और पहलों का प्रदर्शन करते हैं। देखो अपना देश को प्रोत्सहन प्रदान करने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी के माध्यम से एक अनुभवात्मक क्षेत्र भी स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त, इस कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की विविध पाक परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले स्वादिष्ट व्यंजनों की पेशकश करने वाले स्टालों के साथ एक फूड कोर्ट भी स्थापित किया जाएगा। सांस्कृतिक अनुभव को बढ़ाने के लिए, एक अखिल भारतीय शिल्प बाज़ार स्थापित किया जाएगा, जिसमें हस्तशिल्प और हथकरघा स्टॉल होंगे, जो समग्र प्रदर्शन की समृद्धि और जीवंतता को बढ़ाएंगे। देश के विविध पर्यटक आकर्षणों को प्रदर्शित करने के लिए 30 से अधिक राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के विषयगत मंडप भी स्थापित किए गए हैं। दिल्ली स्थित विभिन्न क्षेत्रीय सांस्कृतिक संघों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन भी आयोजित किए जाएंगे। भारत पर्व देश भर के स्थानीय कारीगरों द्वारा अपने उत्पादों को प्रदर्शित और बेचकर इसमें भाग लेकर वोकल फॉर लोकल यानी स्थानीय उत्पाद को भी बढ़ावा दे रहा है।

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.