September 29, 2026

देहरादून की बदहाल सड़कों पर मेयर का बड़ा ऐलान, बारिश थमते ही शुरू होगा पैचवर्क

Sauravbh

राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों की हालत खराब हो गई है। कई इलाकों में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जबकि जगह-जगह जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है। इसे लेकर नगर निगम ने बारिश का दौर खत्म होते ही सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क का काम तेज करने की तैयारी की है।

देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि बारिश रुकते ही शहर की सड़कों पर मरम्मत और पैचवर्क का काम तेजी से शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।

पार्षदों को तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश

महापौर ने बताया कि पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में खराब सड़कों और जरूरी मरम्मत कार्यों को चिन्हित कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण फिलहाल पैचवर्क और सड़क मरम्मत के काम में परेशानी आ रही है। मौसम साफ होते ही काम में तेजी लाई जाएगी।

15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 15 अक्टूबर की समयसीमा तय की गई है। उन्होंने दावा किया कि देहरादून में इस समयसीमा से पहले ही आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क संबंधी समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के बाद लोगों को खराब सड़कों और गड्ढों से राहत मिल सके।

सौरभ थपलियाल, महापौर, देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.