देहरादून: सीएम आवास पर 18 नवंबर को मनाया जाएगा लोकपर्व ईगास
उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और लोक पर्वों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार और भाजपा की ओर से विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास पर 18 नवंबर को लोकपर्व ईगास के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और भागदौड़ के बीच लोग धीरे-धीरे अपनी लोक परंपराओं, लोक कलाओं और पारंपरिक नृत्यों से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में ईगास जैसे लोकपर्वों के आयोजन के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए युवाओं और आम लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं और प्रदेशवासियों से ईगास पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। साथ ही कहा कि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करे और पारंपरिक रीति-रिवाजों को आगे बढ़ाने में योगदान दे।
कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री, भाजपा।
