September 18, 2026

19-20 सितंबर को आईआईटी रुड़की का दीक्षांत समारोह, अजीत डोभाल होंगे मुख्य अतिथि

IIT Roorkee

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) में 19 और 20 सितंबर 2026 को दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय समारोह में संस्थान के कुल 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, प्रौद्योगिकी और उद्योग जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।

शुक्रवार को आईआईटी रुड़की के जेम्स थॉमसन बिल्डिंग स्थित सीनेट हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है और यह संस्थान के लिए भी गौरव का अवसर है।

पहले दिन यूजी विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां

19 सितंबर को दीक्षांत समारोह का पहला दिन स्नातक (UG) विद्यार्थियों के लिए होगा। कार्यक्रम में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल, केसी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वहीं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ एवं सचिव, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स, जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

दूसरे दिन पीजी और पीएचडी विद्यार्थियों का समारोह

20 सितंबर को स्नातकोत्तर (PG) और पीएच.डी. विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दिन हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि होंगे। ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक तथा एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता अधिवक्ता हरीश साल्वे, पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, आईआईटी रुड़की करेंगे।

शिक्षा, शोध और राष्ट्रीय विकास पर जोर

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि इस वर्ष 2,701 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना केवल उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि नवाचार, अनुसंधान और समाज की सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी सम्मान है। राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा और उद्योग के क्षेत्र के प्रतिष्ठित नेताओं की मौजूदगी संस्थान के शैक्षणिक एवं अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र की व्यापक प्रासंगिकता को दर्शाती है।

उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, दृढ़ता और उपलब्धियों का उत्सव है। यह विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आईआईटी रुड़की में विकसित उत्कृष्टता, ईमानदारी और नवाचार के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्र और समाज में सार्थक योगदान देने की अपेक्षा जताई।

वहीं, डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एन.के. नवानी ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के वर्षों के अध्ययन, अन्वेषण और व्यक्तिगत विकास की यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की में शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को आलोचनात्मक सोच, अनुसंधान, नवाचार और वास्तविक दुनिया की चुनौतियों के समाधान के लिए तैयार किया जाता है।

प्रेस वार्ता में प्रो. प्रवीण कुमार और प्रो. एन.के. नवानी ने भी मीडिया को संबोधित किया। संस्थान की ओर से विद्यार्थियों, उनके परिवारों, पूर्व छात्रों, संकाय सदस्यों और अन्य हितधारकों को इस महत्वपूर्ण अवसर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

प्रोफेसर के.के.पंत (निदेशक आईआईटी रुड़की)

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.