ई-केवाईसी नहीं कराने वाले घरेलू गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं को मिली राहत: 23 अगस्त 2026 तक करा सकेंगे ई-केवाईसी,
Dehradun,16 August 2026,
15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले घरेलू गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं को भारत सरकार ने राहत दी है। भारत सरकार द्वारा एक अवसर और प्रदान करते हुए अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
देहरादून जिला पूर्ति अधिकारी के. के. अग्रवाल ने बताया कि, जनपद देहरादून में घरेलू गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया तेजी चल रही है। जिसके लिए भारत सरकार द्वारा अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी l उन्होंने जानकारी दी कि, देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं जिनमें से अभी तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इनमें 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं। ऐसी दशा में भारत सरकार द्वारा एक अवसर और प्रदान करते हुए अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून सभी उपभोक्ताओं से कहा कि, अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र ई-केवाईसी कर लें। उन्होंने गैस उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी करने के तीन माध्यम बताएं हैं। संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर, गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप व बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से, और संबंधित तेल विपणन कंपनी (जैसे इण्डेन, भारत गैस या एचपी गैस) का अधिकृत मोबाइल एप डाउनलोड कर स्वयं भी ई-केवाईसी कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि, निर्धारित अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 तक भी ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को सस्ती दरों वाली घरेलू गैस की आपूर्ति बंद हो जाएगी और उन्हें व्यावसायिक दरों पर गैस खरीदना पड़ सकता है।
