मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी- चोरगलिया-सितारगंज मार्ग में शेर नाला में ₹993 लाख की लागत से नवनिर्मित पुल का किया लोकार्पण,
Uttrakhand, 16 August 2026,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद नैनीताल में भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी- चोरगलिया-सितारगंज मार्ग में शेर नाला में ₹993 लाख की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया। पुल निर्माण होने पर क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
बता दें कि शेर नाला के उफान पर आने से मानसून सीजन में क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। आवागमन बाधित होने के वजह से क्षेत्रीय जनता लंबी दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंचती थी। ऐसे में नवनिर्मित पुल के निर्माण से क्षेत्रीय जनता के साथ -साथ पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी आदि मौजूद रहे।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, चमोली जिले की नीती घाटी में भारी बारिश के चलते उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए सीमा सड़क संगठन बीआरओ के हवलदार पंकज की तलाश के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से भी दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
सेना, बीआरओ, भारतीय तिब्बgत सीमा पुलिस आईटीबीपी, पुलिस, जिला प्रशासन, एनडीआरफ एवं एसडीआरएफ की टीमें लगातार खोज अभियान में जुटी हैं। हवलदार पंकज पिथौरागढ़ के निवासी हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा भी परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।
नीती घाटी में भारी बारिश के चलते उफान पर आए तमक नाले के हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुःखद मृत्यु हुई है। वहीं, टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
